बाढ़। सोमवार को सैयद नेहाल अहसन कन्या मध्य विद्यालय बाढ़ के छात्र-छात्राओं ने दीपावली में पटाखे नहीं जलाए जाने का संकल्प लिया। समाजसेवी सिकंदर कुमार हरिओम ने स्कूल जाकर पर्यावरण की रक्षा हेतु छात्र-छात्राओं को जागरूक किया एवं दीपावली के अवसर पर पटाखे न जलाकर दीप प्रज्वलन के द्वारा दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दीपावली में पटाखे जलाने से हवा में धूल कण, कार्बन डाइऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड, शीशे एवं सल्फर की मात्रा मानक से कई गुना अधिक बढ़ जाती है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है और सांस लेने लायक हवा नही रह जाती है। जबकि दीपक जलाने से बरसात के दिनों में उत्पन्न हानिकारक कीट-पतंग मर जाते हैं, जिससे हमारी सुरक्षा होती है और विभिन्न रोगों से बचाव होता है। पर्यावरण को संतुलित रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। पर्यावरण के असंतुलित होने से ही बाढ़, सुखाड़, अतिवृष्टि, अनावृष्टि, सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदाएं आती है। इतना ही नही, यदि पर्यावरण का तापमान बढ़ जाता है तो हिमखंड ज्यादा पिघलने लगेंगे और धरती के कई भाग जलमग्न हो जाएंगे, जिससे स्थलीय जीव-जंतु के अस्तित्व के लिए संकट उत्पन्न हो जाएगा। इस बाबत उन्होंने बच्चों को प्रेरित कर उनसे दीपावली में पटाखे नही प्रयोग करने के लिए संकल्प कराया। मौके पर मो० मोहतराम शब्बीर तथा यास्मिन फ़ातिमा सहित कई लोग उपस्थित थे।

By LNB-9

You missed

error: Content is protected !!