बाढ़ प्रखंड के कई पैक्स अध्यक्षों ने बाढ़ आए डीएम चंद्रशेखर सिंह को बाढ़ में खेती की पैदावार बढ़ाने तथा धान आच्छादन की रिपोर्ट भूमि का क्षेत्रफल बढ़ाकर देने को लेकर एक आवेदन दिया। पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि बाढ़ के खेती योग्य कुल भूमि का 90 प्रतिशत भाग पर धान की खेती हो रही है। उन्होंने कहा कि पटना जिला के बाढ़ प्रखंड अंतर्गत 13 पंचायत में 23,553 एकड़ भूमि में खेती की जाती है, जबकि बाढ़ के प्रखंड कृषि पदाधिकारी द्वारा धान आच्छादन का रिपोर्ट बिना जांच किए मात्र 4500 एकड़ भूमि का ही दिया जाता है, जिसके कारण बाढ़ के किसानों को सरकारी योजनाओं का उचित लाभ नहीं मिल पाता है। बाढ़ प्रखंड में खरीफ फसलों की बोआई नामात्र होती है। लगभग सभी जगहों पर धान की खेती ज्यादा होती है। उत्पादित धान के विरुद्ध काफी कम लक्ष्य बाढ़ प्रखंड को दिया जाता है, जिससे किसानों द्वारा उत्पादित धान की अधिप्राप्ति काफी कम मात्रा में पैक्स द्वारा किया जाता है और अधिकांश उत्पादित धान बिचौलियों के माध्यम से कम मूल्य पर खुले बाजार में बेच दिया जाता है। इसलिए धान आच्छादन एवं उत्पादन की रिपोर्ट रकवा जांच के उपरांत निर्धारित किया जाना चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ और अधिक से अधिक किसानों को मिल सके। जिलाधिकारी को ज्ञापन देने हेतु जय प्रकाश सिंह अध्यक्ष, बेढना कन्हैया कुमार पैक्स अध्यक्ष एकडंगा, सूरज कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह पैक्स अध्यक्ष रहीमापुर रूपस, महेश प्रसाद सिंह अध्यक्ष धनावां मुबारकपुर, मृत्युंजय कुमार पैक्स अध्यक्ष नदावां, अनिल सिंह अध्यक्ष राना बिगहा, आदि सभी मौजूद थे।

By LNB-9

error: Content is protected !!