पटना जिला ब्यूरो, बाढ़। बाढ़ थाना क्षेत्र के जमुनीचक गांव में बीती रात गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें पिंटू कुमार नाम के एक युवक को गोली लग गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों द्वारा उसे इलाज के लिए बाढ़ के अनुमंडलीय अस्पताल में लाया गया। पिंटू कुमार ने बताया कि जब पहली फायरिंग हुई, तो वहां पर सभी लोग भागने लगे। वह भी भागा, लेकिन उसके पैर में गोली लग गई। उसने बताया कि उसे किसी से दुश्मनी नहीं हैं। किसी और कारण से गोली चलाई गई और गलती से उसके पैर में लग गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस घटना के कारणों की छानबीन में जुट गई है। वहीं जमुनीचक गांव के एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि वहां दो जातियों के बीच तनाव रहता है, जिसके कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। वहीं पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले का अभी तक पता नही चल पाया है। उसके लिए छानबीन की जा रही है।