पटना जिला ब्यूरो, LNB-9। बाढ़ थाना क्षेत्र के बिल्लौर गांव स्थित एक निजी विद्यालय में संदिग्ध अवस्था में विद्यालय के गार्ड की मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर बाढ़ पुलिस तथा एएसपी बाढ़ मौके पर पहुंचे और छानबीन में जुट गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अरुणाचल प्रदेश का रहने वाला लगभग 27 वर्ष का युवक बताया जाता है, जो उसी विद्यालय में गार्ड की नौकरी करता था। सूत्रों की माने तो अरुणाचल प्रदेश का रहने वाला निसार नाम का युवक 6 अगस्त को विद्यालय में गार्ड के रूप में बहाल हुआ था। साथ ही उसका आवास भी वहीं पर था। रात में उसने काम भी किया था, लेकिन सुबह में स्कूल के पीछे गिरी हुई अवस्था में उसका लाश पाया गया। इस बाबत विद्यालय प्रशासन ने कैमरा पर कुछ बोलने से इनकार किया, लेकिन ऑफ कैमरा बताया गया कि छत पर से गिरने से मृत्यु हो गई। वहीं बाढ़ थाना के एसआई ने बताया कि मृतक अरुणाचल प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है, जो यहीं काम करता था। मौत की खबर मिलने पर पुलिस यहां पहुंची है और जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। मौत का कारण अभी पता नही चला है। विस्तार से जांच पड़ताल करने के बाद भी यह पता चल पाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।