पटना जिला ब्यूरो, बाढ़। दशहरा के मौके पर इस बार बाढ़ में गरबा एवं डांडिया नृत्य का आयोजन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इसलिए दशहरे में गरबा और डांडिया नृत्य की धूम होगी। इस बात को लेकर यहाँ के युवक-युवतियों में काफी उत्सुकता है। वंदना इवेंट के द्वारा आयोजित किये जाने वाले इस प्रोग्राम में दंपत्ति जोड़े एवं परिवार को ही प्रवेश दिया जाएगा। सिर्फ एक लड़का या लड़कों की मंडली के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी। आयोजक ने बताया कि पिछले साल छोटे स्तर पर प्रयोग किया गया था जिसके बाद लोगों ने इसे काफी पसंद किया। इस कार्यक्रम को लेकर डांडिया प्रैक्टिस अभी से शुरू कर दी गयी है। आयोजक ऋषभ राज ने बताया कि कार्यक्रम में डांडिया नृत्य के साथ-साथ और भी कई प्रतियोगिता करायी जाएंगी जिसमे जोड़ों के लिए आकर्षक गिफ्ट की व्यवस्था की गई है। प्रैक्टिस करने वाली लड़कियों ने बताया कि अभी डांडिया सेलिब्रेशन प्रैक्टिस चल रहा है। यहां पर मैं पहली बार आयी हूँ बहुत ही अच्छा लग रहा है। आयोजक ऋषभ राज ने बताया कि बाढ़ में ज्यादातर मध्यम वर्ग के परिवार रहते हैं जो सिर्फ पर्व त्योहार के मौके पर निकलते हैं। इसलिए वो चाहते हैं कि दशहरा पर्व को सभी अच्छे से सेलिब्रेट करें। यही उनका खास उद्देश्य है।