बाढ़। बाढ़ के प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को प्रखंड कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा बिहार राज्य को विशेष राज्य का दर्जा बनाने के मांग को लेकर एक दिवसीय धरना दिया गया। इस अवसर पर दर्जनों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए। धरना का नेतृत्व बाढ़ विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व जिलाध्यक्ष पटना सत्येंद्र बहादुर के द्वारा किया गया। उन्होंने धरनार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की स्थिति जर्जर एवं गंभीर है, जहां न तो खरीद संपदा है, न तो उद्योग-धंधे हैं, यहां बेरोजगारों की फौज है। बेरोजगार युवकों को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। यहां के मजदूर, श्रमिक एवं युवा दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। केंद्र सरकार बिहार को दिये जाने वाले हक से वंचित कर रही है। इसलिए भारत सरकार को जनसमस्याओं के समाधान के लिए बिहार को अविलंब विशेष राज्य का दर्जा देना चाहिए। अन्यथा बिहार की जनता सड़क से लेकर संसद तक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। मौके पर रामानंद शर्मा, प्रेम सिंह, प्रखंड अध्यक्ष सतीश कुमार, वीर प्रकाश कुमार, अभिमन्यु कुमार, सुशांत सिंह सोलंकी, पंकज कुमार, राजीव सिंह सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।