पटना जिला ब्यूरो, बाढ़। मोकामा विधानसभा उपचुनाव को लेकर मंगलवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव महागठबंधन की राजद प्रत्याशी नीलम देवी के पक्ष में आम सभा को संबोधित करने रामनगर, घोसवरी तथा मेकरा पहुंचे। इस मौके पर मुंगेर सांसद व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, राजद के दिग्गज नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, भाई वीरेंद्र,एस सी एस टी के प्रदेश अध्यक्ष साधु पासवान, जदयू के वरिष्ठ नेता उपेंद्र कुशवाहा, राजद के दिग्गज नेता शक्ति सिंह यादव, विधायक रेखा पासवान सहित कई पदाधिकारी रहे उपस्थित। इस अवसर पर आम सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा वालों के लिए महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार कोई मुद्दा नही है।भाजपा के लोग समाज और देश को तोड़ने में लगे हैं। वे लोग साम्प्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने वाले लोग हैं। इनके वादे सिर्फ जुमले होते हैं। उन्होंने सरकार बनाने से पहले वादा किया था कि महंगाई और भ्रष्टाचार को कम करेंगे तथा हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे। उन्होंने ने यह भी कहा था कि गरीबों के खाते में पन्द्रह-पन्द्रह लाख रुपये दिये जाएंगे। लेकिन इन वादों पर उन्होंने आज तक काम नही किया। उन्होंने आगे कहा कि रोजगार के मुद्दों पर अगर आज बात करोगे तो वो आपको मंदिर- मस्जिद दिखाएंगे,हिन्दूस्तान- पाकिस्तान करेंगे।उन्होंने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यदि आप नीलम देवी को वोट देकर जिताते हैं तो दिल्ली की गद्दी हिल सकती है।इसलिए आप लोग एक-एक वोट नीलम देवी को दें। वहीं अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा के दिन अब लद गए हैं क्योंकि झूठ का साम्राज्य ज्यादा दिन नही चलता है। इस मौके पर राजद के पटना जिलाध्यक्ष देवमुनि सिंह यादव, बाढ़ जिलाध्यक्ष महेश सिंह,जिला प्रवक्ता बाढ़ मिथिलेश यादव सहित हज़ारों हज़ार की संख्या में उत्साहित ग्रामीण उपस्थित थे।

By LNB-9

error: Content is protected !!