बाढ़। बाढ़ अनुमंडल के मोकामा प्रखंड के हाथीदह थाना क्षेत्र अंतर्गत सिक्स लेन ब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य में लगा एक मजदूर एक पेड़ के नीचे आराम करने गया था। तभी पेड़ की बड़ी शाखा उसके ऊपर गिर गई, जिससे दबकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब यह घटना होते उसके साथी मजदूरों ने देखा तो उसे बचाने के लिए दौरे लेकिन बचा नहीं पाए। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। लगभग 5 घंटे कड़ी मशक्कत करने के बाद पेड़ की मोटी शाखा को हटाया गया और मृतक के शरीर को बाहर निकाला गया। साथी मजदूरों ने इस घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। मृतक के परिवारों के वहां पहुंचते ही कोहराम मच गया। चीख-पुकार की आवाज चारो तरफ फैल गई। बाद में सूचना पाकर हाथीदह थाना की पुलिस वहां पहुंची और शव को ले जाना चाहा, लेकिन परिजनों और साथी मजदूरों ने बवाल काटते हुए शव को उठाने से मना कर दिया। घटनास्थल पर पहुंचे हाथीदह थानाध्यक्ष ने मजदूरों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ के अनुमंडलीय अस्पताल में भेज दिया है। विदित हो कि हाथीदह और सिमरिया के बीच गंगा नदी पर सिक्स लेन ब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है। मृतक की पहचान सुबोध सिंह के पुत्र 30 वर्षीय ऋषि राज, के रूप में की गई है, जो खतामी गांव, पसराहा, खगड़िया का निवासी बताया जाता है।