बाढ़। बाढ़ में इन दिनों अपराध का ग्राफ में तेज़ी से वृद्धि हुई है। आये दिन हत्या, लूट एवं चोरी की घटना आम होती जा रही है। इसी क्रम में एक और हत्या की घटना सामने आई है। बुधवार को भदौर थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों द्वारा एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसे गड्ढे में फेंक दिया गया। स्थानीय लोगों ने जब इस घटना के बारे में जाना तो मृतक के शरीर को सड़क के किनारे रखकर भदौर थाना की पुलिस को सूचना दी। भदौर थाना की पुलिस मौक़ा-ए-वारदात पर पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ के अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। यह घटना भदौर थाना क्षेत्र के सुन्दरचक गांव के पास की है।
बताया जाता है कि अपराधियों ने विनय कुमार सिंह को कुल छह गोलियां मारी जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गयी। हत्या कर अपराधी फरार हो गए। इस घटना को लेकर ए.एस.पी. अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण चुनावी रंजिश बताया जा रहा है। हालांकि अभी हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए टेक्निकल एविडेंस जुटाने की कोशिश जारी है। भदौर थाना के ए एस आई प्रमोद कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच एवं अनुसंधान तफ्तीश से करने के बाद ही असल बातें पता चल पाएगी।
मृतक विनय कुमार सिंह को मुखिया का समर्थक बताया जाता है। हत्या के इस घटना के बाद एक बार फिर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। मृतक के परिवार में शोक एवं सन्नाटे का आलम है जबकि ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। दूसरी तरफ पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।